जालंधर | दर्शन अकादमी जूनियर विंग की ओर से लायंस क्लब में ग्रेजुएशन सेरेमनी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अमित तनेजा व पार्षद कविता सेठ विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर आधारित एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। इसके साथ ही बच्चों ने गुजराती, हरियाणवी तथा पंजाबी संस्कृति पर आधारित गिद्दा और भांगड़ा प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। इस मौके मुख्य अतिथि अमित तनेजा ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को संदेश दिया कि वे सोशल मीडिया के दुरुपयोग से दूर रहकर शिक्षा, संस्कार और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें। उन्होंने “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है। ऐसे आयोजनों से बालिकाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।


