लीगल रिपोर्टर|रांची मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी चंदन की अदालत ने दहेज प्रताड़ना और मारपीट करने से जुड़े एक मामले की सुनवाई करते हुए नवविवाहिता का पति संजय कुमार एवं संजय का बड़ा भाई मनोज कुमार उर्फ अमित के खिलाफ समन जारी किया है। साथ ही अगली सुनवाई की तारीख 11 अप्रैल निर्धारित की है। आरोपी पलामू जिले के छत्तरपुर थाना क्षेत्र के इस्टेट बजरिया चौक निवासी है। कोतवाली थाना क्षेत्र के अपर बाजार नार्थ मार्केट की रहने वाली नवविवाहिता ने पिछले साल उक्त आरोप लगाते हुए अपने ससुराल वालों के खिलाफ सीजेएम कोर्ट में केस दायर की थी। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने पाया कि नवविवाहिता की सास कलावती देवी, जेठानी सीमा देवी और सरिता देवी के खिलाफ कोई अपराध नहीं बनता है। सिर्फ संजय कुमार और मनोज कुमार के खिलाफ आगे की न्यायिक प्रक्रिया जारी रहेगी। अदालत ने संबंधित थाना प्रभारी को समन का तामिला कराने का निर्देश दिया है। नवविवाहिता की शादी संजय कुमार के साथ 5 दिसंबर 2021 को हुई थी। कुछ माह बाद ही प्रताड़ना की शिकार हुई थी।


