भास्कर न्यूज | अमृतसर दहेज की मांग से परेशान होकर पुलिस कांस्टेबल की बहन ने ससुराल में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना शुक्रवार रात 9 बजे की है। मृतका की पहचान मनप्रीत कौर (33) निवासी महिलावाला के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद थाना झंडेर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर भाई को सौंपा। रविवार को शव का संस्कार फिल्लौर में किया गया। मामले में मृतका के भाई के बयानों पर हत्या के आरोप में मृतका के पति अजमेर सिंह और सास सुखराज कौर निवासी महिलावाला को काबू किया है जबकि मामले में पति की बहन किरनदीप कौर और उसके जीजा को सतवंत सिंह को गिरफ्तार करना बाकी है। पुलिस को दी शिकायत में पुलिस कांस्टेबल हरप्रीत सिंह ने बताया कि 12 साल पहले बहन की शादी अजमेर सिंह के साथ की थी। आरोपी उसकी बहन से दहेज की मांग करते हुए मारपीट करता था। बहन को उसकी सास, ननद और उसका पति बहुत परेशान करते थे। उसके ससुराल से फोन आया कि उसकी बहन ने आत्महत्या कर ली है। वह फिल्लौर से अपनी बहन के घर निकल गया। आधी रात 12 बजे पहुंचा तो उसकी बहन का शव फंदे से लटका हुआ था। उसके ससुराल वालों ने उसकी बहन की हत्या करके उसे फंदे से लटकाया है, क्योंकि उसकी बहन के दोनों पैर बैड पर लगे हुए थे। फंदा लगाने पर जुबान बाहर आ जाती है, जोकि उसकी बहन के साथ ऐसा कुछ नहीं हुआ था। उन्होंने बताया कि लड़कियों के साथ ऐसे ही होता है। वह अपनी बहन को बहुत मानता था, लेकिन उसकी बहन दहेज की भेंट चढ़ गई। वह आरोपियों को सजा दिलवाकर रहेगा। थाना झंडेर एसआई परमजीत सिंह ने बताया कि इस मामले में आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।