एनाम खान | गढ़वा गढ़वा शहर में दानरो नदी के किनारे डंप किए गए कचरे से निकलने वाली जहरीली धुंआ से लोगों को निजात नहीं मिल पा रहा है। आज शनिवार को दोपहर तेज जहरीला धुआं निकलने लगा। जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कचरे के ढेर में लगी आग के कारण उठ रहा धुआं वातावरण में फैलने लगा। इसकी सूचना मिलते ही नगर परिषद के नव निर्वाचित अध्यक्ष आशीष सोनी उर्फ दौलत सोनी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अग्निशमन विभाग को इसकी जानकारी दी। इसके बाद मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया गया। इस अवसर पर बताया गया कि गढ़वा शहर के दानरो नदी के किनारे नगर परिषद द्वारा कचरा डंप किया जाता है। शनिवार की दोपहर कचरे के ढेर से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते धुएं का गुबार आसपास के क्षेत्रों में फैल गया। कचरे में प्लास्टिक, पॉलीथिन और अन्य अपशिष्ट सामग्री होने के कारण उससे निकल रहा धुआं काफी जहरीला था। इससे आसपास के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने कहा कि कचरे के ढेर से आग लगने के कारण जहरीला धुआं निकलने लगा था। सूचना मिलने के बाद नगर परिषद के नव निर्वाचित अध्यक्ष आशीष सोनी ने तुरंत मामले को गंभीरता से लिया और अग्निशमन सेवा के पदाधिकारी से संपर्क किया। उनके निर्देश पर अग्निशमन सेवा के कर्मी तत्काल दमकल वाहन के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद दमकल कर्मियों ने कचरे के ढेर में लगी आग को बुझाने का काम शुरू किया। कुछ देर बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। आग बुझने के बाद कचरे से निकल रहा जहरीला धुआं भी बंद हो गया। जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से मांग की है कि दानरो नदी के किनारे कचरा डंप करने की व्यवस्था को बंद किया जाए। उनका कहना है कि कचरे के ढेर में अक्सर आग लगने या धुआं उठने की घटनाएं होती रहती हैं। जिससे पर्यावरण और लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। लोगों ने कहा कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो यह बड़ी घटना का रूप भी ले सकती थी। उन्होंने नगर परिषद से कचरा प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था करने और नियमित निगरानी रखने की मांग की है। नगर परिषद अध्यक्ष आशीष सोनी ने कहा कि शहर में स्वच्छता को लेकर वे गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि कचरे के सुरक्षित निष्पादन को लेकर जल्द ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जैसे ही नगर परिषद के द्वारा कचरा डंप करने को लेकर निश्चित स्थान की व्यवस्था हो जाएगी। दानरो नदी के किनारे कचरा डंप होना बंद हो जाएगा। उन्होंने कहा कि वे इस समस्या पर लगातार नजर रखे हुए हैं।


