दानी यादव हत्याकांड-लूट मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार:देसी पिस्टल और कारतूस बरामद, आरोपी का रहा है आपराधिक इतिहास

रामगढ़ पुलिस ने दानी यादव हत्याकांड और लूट मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसपी अजय कुमार ने मांडू (कुजू) थाना क्षेत्र से जुड़े इस मामले का खुलासा करते हुए पूरी जानकारी दी। यह मामला मांडू (कुजू) थाना कांड संख्या 128/2025 से संबंधित है। एसपी अजय कुमार ने बताया कि इस मामले में दानी यादव की हत्या कर उनके चक्की मिल सह आवास से नगदी चोरी की गई थी। इस कांड में पहले भी एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब, गुप्त सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने अभिषेक कुमार उर्फ अभिषेक पासवान (लगभग 20 वर्ष) को उसके निवास स्थान कोषमाड़ू टोला, कुजू, थाना मांडू (कुजू), जिला रामगढ़, झारखंड से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या और लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान और निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई एक देसी पिस्टल और 7.65 एमएम की चार जिंदा गोलियां बरामद की हैं। एसपी अजय कुमार ने जानकारी दी कि इस कांड में फरार अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि गिरफ्तार आरोपी अभिषेक कुमार का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ मांडू (कुजू) थाना में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस पूरे अभियान का नेतृत्व रामगढ़ पुलिस के वरीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित एसआईटी (विशेष जांच दल) द्वारा किया गया। इस दल में कुजू ओपी की टीम और सशस्त्र बल शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *