बलौदाबाजार जिले में मिलावट के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। टीम ने भाटापारा स्थित एक दाल मिल पर छापा मारकर 316 बोरी उड़द दाल और संदिग्ध रंग जब्त किया है। जब्त माल की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपए बताई जा रही है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी संध्या महिलांग के नेतृत्व में टीम ने भाटापारा के सुहेला रोड स्थित खोखली में संचालित अन्नपूर्णा ट्रेडर्स (दाल मिल) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मिल परिसर में रखे कुछ ड्रमों में काला रंग मिला। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि उड़द दाल को गहरा और चमकदार दिखाने के लिए इस रंग का इस्तेमाल किया जा रहा था, ताकि ग्राहकों को दाल अधिक आकर्षक लगे। मिलावट की आशंका के बाद खाद्य विभाग ने मौके पर मौजूद 316 बोरी उड़द दाल और संदिग्ध रंग जब्त कर लिया। टीम ने उड़द दाल के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद होगी कानूनी कार्रवाई अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि दाल में कौन-कौन से रासायनिक रंग या मिलावटी पदार्थ मिलाए गए थे। यदि रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यापारी पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और मामला न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर की गई कार्रवाई खाद्य विभाग ने बताया कि यह कार्रवाई उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए की गई है। दालों में रंग मिलाकर उनकी गुणवत्ता से खिलवाड़ करना आम बात हो गई है, जिससे आम लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। अभियान लगातार जारी रहेगा खाद्य सुरक्षा अधिकारी संध्या महिलांग ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि बाजार में शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके। पुलिस का भी मिला सहयोग इस कार्रवाई के दौरान भाटापारा पुलिस का भी सहयोग मिला, जिससे मौके पर कानून व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिली।


