दावत के दौरान रिश्तेदारों में खूनी संघर्ष, 18 घायल:एक-दूसरे पर पत्थर और लाठियों से वार किए; 6 डिटेन

जैसलमेर जिले के मोहनगढ़ थाना क्षेत्र के सदराऊ गांव में बुधवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। दावत के दौरान शुरू हुई मामूली कहासुनी कुछ ही देर में झगड़े में बदल गई। इसके बाद दोनों पक्षों ने एक- दूसरे पर पत्थर और लाठियों से वार किए। इस भिड़ंत में 5 महिलाओं सहित कुल 18 लोग घायल हुए हैं। गंभीर घायल 5 लोगों को जैसलमेर के जवाहिर हॉस्पिटल रेफर किया गया है। पुरानी रंजिश और दावत का विवाद
जानकारी के अनुसार, हाजी खान के निवास (20 जेजे की ढाणी) पर एक दावत का आयोजन किया गया था। वहां मौजूद मुरीद खान और हाजी खान के बीच पुरानी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने हो गए। बताया जा रहा है कि मुरीद खान के परिवार को दावत में नहीं बुलाने और पुरानी रंजिश के चलते झगड़ा हुआ था। पत्थर और लाठियों से हमला किया
ढाणी पर हुई बहस के बाद मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि हाजी खान ने अपने सहयोगियों को फोन कर बुलाया। इसके बाद 5 गाड़ियों में सवार होकर आए करीब 15 से 20 लोगों ने सदराऊ गांव पहुंचकर मुरीद खान के घर पर हमला किया। हमलावरों ने लाठियों और पत्थरों से हमला किया, जिससे गांव में दहशत फैल गई। हमले में घर में मौजूद महिलाएं भी गंभीर रूप से चोटिल हो गईं। घायलों का आरोप है कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं दिया गया और अचानक हमला कर दिया गया। पुलिस की दबिश, 6 हिरासत में
घटना की सूचना मिलने पर मोहनगढ़ थाना अधिकारी बाबूराम डेलू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को काबू में किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के करीब 6 लोगों को हिरासत में लिया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। मोहनगढ़ थाना प्रभारी बाबूराम डेलू का कहना है- पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 6 लोगों को पकड़ा है और बाकी आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। मामले की जांच जारी है। जवाहिर हॉस्पिटल में भर्ती कराए गए घायल घायल हुए लोगों को तुरंत स्थानीय चिकित्सा केंद्र ले जाया गया। वहां से 5 गंभीर घायलों को जिला मुख्यालय स्थित जवाहिर अस्पताल भेजा गया है। गांव में फिर से विवाद न हो, इसके लिए पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *