लुधियाना | रेलवे स्टेशन के बाहर दिनदहाड़े कार चोरी होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में थाना डिवीजन-1 लुधियाना पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता विश्वास प्रिया निवासी एकता विहार, हैबोवाल कलां ने बताया कि वह 12 फरवरी को दोपहर करीब 12:30 बजे अपनी कार (नंबर PB-09-J-7100) से लुधियाना रेलवे स्टेशन पर एक रिश्तेदार को लेने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी कार स्टेशन के बाहर होटल क्रॉस-वे के सामने खड़ी की और प्लेटफॉर्म की ओर चले गए। कुछ समय बाद जब वह वापस लौटे तो मौके पर उनकी कार गायब थी। आसपास काफी तलाश करने के बावजूद वाहन का कोई सुराग नहीं लगा, जिसके बाद उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच कर रहे अधिकारी बलदेव सिंह ने बताया कि फिलहाल आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है। स्टेशन परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। कार की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया गया है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को उक्त वाहन के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तुरंत सूचना दें।


