पश्चिमी विक्षोभ के चलते बीते तीन रात से रात का पारा 13 डिग्री सेल्सियस पर अटका हुआ है। वहीं, दिन के तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में गुरुवार रात एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा और अगले दो दिन ओले-बारिश का दौर चलेगा। इसका सबसे ज्यादा प्रभाव 27 दिसंबर को रहेगा। इस दौरान मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। इससे दिन का तापमान एकाएक लुढ़कने से सर्दी का असर बढ़ जाएगा, लेकिन रात के तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं। बैक-टू-बैक पश्चिमी विक्षोभ से स्थिर है रात का पारा, 29 और 30 दिसंबर से लुढ़कने के आसार नए सिस्टम का प्रभाव 27-28 दिसंबर को सर्वाधिक रहेगा। 28 को बादल छाए रहेंगे। आसपास के इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग जयपुर निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि बैक-टू-बैक दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से उत्तरी हवाओं का असर कम हुआ। इससे रात का पारा स्थिर बना हुआ है। इस सिस्टम के गुजरने के बाद 29-30 दिसंबर से फिर से उत्तरी ठंडी हवाएं चलने से रात का पारा 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़कने के आसार है। सुबह के दौरान घना कोहरा छाए रहने से विजिबिलिटी पर असर पड़ेगा। रात के मुकाबले दिन ज्यादा ठंडा; पश्चिमी विक्षोभ से पिछले तीन दिन बादल छाए रहने और बूंदाबांदी से दिन का पारा लुढ़का था। अब फिर एक नया सिस्टम डवलप होने से उत्तरी हवाओं का प्रभाव कम हो गया और रात का तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री ज्यादा बना हुआ है। वहीं, दिन का तापमान 21.8 डिग्री पर पहुंच गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम है। ऐसे में रात के मुकाबले दिन ज्यादा ठंडा रहा।


