दिन में चुभने लगी धूप, रात में कनकनी महसूस हुई

भास्कर न्यूज | अंबिकापुर मौसम में बदलाव आने की वजह से दिन में ठंड का असर कम रहा। वहीं, रात में अब भी लोगों को कनकनी महसूस हो रही है। इस बीच मंगलवार को शहर का न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री तो दिन का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसका असर भी देखा गया। सुबह मौसम में कुछ कनकनी तो महसूस हुई, लेकिन दिन में ठंड बेअसर रही। बता दें कि बादल छंटने से तापमान में तेजी से कमी आई थी और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक गिर गया था। इससे कड़ाके की ठंड पड़ने लगी थी। अब अचानक फिर से तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। इसका असर बुधवार से ज्यादा होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन तक तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। इसके बाद बादल छंटने से एक बार फिर रात के तापमान में कमी आने से ठंड बढ़ेगी। मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ, 3.1 किलोमीटर ऊंचाई पर उत्तर पाकिस्तान के ऊपर स्थित है। इसके प्रभाव से एक प्रेरित हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पश्चिम राजस्थान के ऊपर 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश में 22 जनवरी को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। एक के बाद एक लगातार पश्चिमी विक्षोभ आ रहा जनवरी में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव एक के बाद एक आ रहा है। अभी तक तीन विक्षोभ आ चुके हैं। हालांकि, ये कमजोर ही रहे। इससे बारिश तो नहीं हुई, लेकिन बादलों की आवाजाही बनी रही। चार दिन पहले तीसरे विक्षोभ का असर कम होने पर तापमान नीचे गिरा था, लेकिन अब एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में सक्रिय है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *