भास्कर न्यूज | जालोर जिलेभर में गर्मी का असर बढ़ने लगा है। दिन का तापमान 34 डिग्री के आस-पास दर्ज हो रहा है, वहीं रातें भी अब गर्म होने लगी है। पिछले 3 दिन में रात का तापमान 2.2 डिग्री बढ़ 14 डिग्री पार कर गया है। गुरुवार को सुबह हल्की सर्दी रही, लेकिन 9 बजे के बाद गर्मी का असर बढ़ गया। दोपहर में आसमान साफ रहा और तेज धूप खिली। दोपहर में तेज गर्मी से सड़कों पर लोगों का आवागमन भी कम ही रहा। हालांकि बढ़ते तापमान से जीरे को जरूर नुकसान हुआ है फसल समय से पहले पकने लगी है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहेगा। ऐसे में दिन और रात के तापमान में 2 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। कृषि विज्ञान केंद्र के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.7 डिग्री दर्ज किया। पूर्वी राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद से जालोर में भी पिछले 3 दिन में पारा अब धीरे-धीरे बढ़ रहा है। भंवर लखानी, कृषि पर्यवेक्षक फिलहाल करीब 10 फीसदी हिस्सों में गेहूं और सरसों की फसल खड़ी है, लेकिन ये भी अब पकने की कगार पर है वहीं इसबगोल के लिए भी वर्तमान का मौसम नुकसानदायक नहीं है। हालांकि इस बार समय से पहले बढ़े तापमान के कारण जीरे की फसल भी समय से पहले ही पक गई है। ऐसे में जीरे के दाने का वजन कम हो गया है।


