दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल है। यह हादसा हरियाणा के नूंह जिले से गुजर रहे एक्सप्रेस-वे पर हुआ। प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने को हादसे का कारण बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, जयपुर निवासी नवीन सोनी गुरुग्राम में नौकरी करते थे और अपनी पत्नी व दो बेटों के साथ वहीं रहते थे। परिवार रविवार को जयपुर में एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने के बाद गुरुग्राम लौट रहा था। बताया गया है कि हिलालपुर टोल प्लाजा से लगभग ढाई किलोमीटर आगे कार चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। इससे गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। तेज रफ्तार के कारण कार कई बार पलटी, जिससे परिवार के सभी सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बेटे का चल रहा निजी अस्पताल में इलाज स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सोहना के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने वहां तीन वर्षीय विहांश को मृत घोषित कर दिया। नवीन की पत्नी माधुरी (40 वर्ष) ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल नवीन ने हादसे के तीसरे दिन उपचार के दौरान अंतिम सांस ली। उनका दूसरा बेटा कृष्णा सोनी अभी अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज जारी है। रोजका मेव थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


