दिल्ली से मेरठ शताब्दीनगर स्टेशन तक दौड़ी नमो भारत:मार्च के पहले सप्ताह में शॉपरिक्स मॉल चौराहे से सफर कर सकेंगे लोग

नमो भारत रविवार को मेरठ में शताब्दीनगर (शॉपरिक्स मॉल चौराहा) तक पहुंच गई। सुबह से शाम तक ट्रेन का ट्रायल चलता रहा। जल्दी ही इस स्टेशन को यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा।। मेरठ साउथ और मेरठ शताब्दी नगर के बीच के अतिरिक्त 6 किलोमीटर के सेक्शन पर ट्रायल रन शुरू हुआ है। 6 किलोमीटर के इस अतिरिक्त खंड में शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन के अलावा परतापुर और रिठानी के दो मेट्रो स्टेशन भी हैं। दिल्ली तक 61 किलोमीटर की यात्रा में लगने वाला समय 45 मिनट से भी कम हो जाएगा। शताब्दी नगर, मेरठ में दूसरा नमो भारत स्टेशन होगा, जो नमो भारत और मेरठ मेट्रो, दोनों की सेवाएं प्रदान करेगा। यह स्टेशन दिल्ली और मोदीपुरम दोनों ओर कनेक्टिविटी देगा। शताब्दी नगर स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए सड़क के दोनों ओर दो प्रवेश-निकास द्वार बनाए गए हैं। इससे पहले मेरठ साउथ से मेरठ सेंट्रल तक मेरठ मेट्रो का ट्रायल रन भी किया जा रहा है। भारत में पहली बार नमो भारत ट्रेनों के इंफ्रास्ट्रक्चर पर ही मेरठ में स्थानीय मेट्रो का परिचालन किया जाएगा। मेरठ मेट्रो कॉरिडोर की कुल लंबाई 23 किलोमीटर है, जिसमें 18 किमी एलिवेटेड और 5 किमी हिस्सा अंडरग्राउंड है। इसके लिए 3 भूमिगत स्टेशन समेत कुल 13 स्टेशन बनाए जा रहे हैं। इनमें से मेरठ साउथ, शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम स्टेशनों पर नमो भारत व मेरठ मेट्रो दोनों सेवाएं उपलब्ध होंगी। मेरठ मेट्रो के सभी स्टेशनों पर सिविल निर्माण का काम लगभग पूरा होने के साथ ही स्टेशन आकार लेने लगे हैं । परतापुर और रिठानी स्टेशनों पर प्रवेश और निकास का काम अंतिम चरण में है, फिनशिंग का काम किया जा रहा है। शताब्दी नगर स्टेशन तक प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर लगाए जा चुके हैं। मेरठ सेंट्रल, भैंसाली और बेगमपुल के भूमिगत स्टेशनों पर भी निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। वर्तमान में नमो भारत ट्रेन न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक 55 किलोमीटर के खंड में चल है। जिसमें न्यू अशोक नगर, आनंद विहार, साहिबाबाद, गाजियाबाद, गुलधर, दुहाई, दुहाई डिपो, मुरादनगर, मोदी नगर साउथ, मोदीनगर नॉर्थ और मेरठ साउथ के 11 स्टेशन शामिल हैं। मेरठ साउथ से शताब्दी नगर सेक्शन के परिचालित होने के साथ कॉरिडोर का विस्तार 61 किलोमीटर में हो जाएगा, जिसमें 12 नमो भारत स्टेशन शामिल होंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *