दिल्ली से लौटें सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू:बोले- अमित शाह से आपदा का 9042 करोड़ बकाया मांगा, कांग्रेस का नया संगठन जल्द बनाने का दावा

हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज दिल्ली से वापस शिमला लौट आए हैं। मीडिया से बातचीत में CM ने कहा, उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से पोस्ट डिजास्टर नीड असेसमेंट (PDNA) 2023-24 का पेंडिंग बजट जारी करने का आग्रह किया है। सीएम ने कहा कि केंद्र के पास PDNA का 9 हजार 42 करोड़ रुपए लंबित है। 2023 में राज्य में सदी की सबसे भीषण आपदा आई थी। इससे जान व माल दोनों का भारी नुकसान हुआ है। इसके बाद केंद्र ने भी अपनी टीमें हिमाचल भेजकर नुकसान का आकलन कराया है। मगर हिमाचल को अब तक राहत राशि नहीं मिल पाई। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने जल्द इस पर कार्रवाई करने का भरोसा दिया है। ड्रग्स के बढ़ते मामलों को लेकर की चर्चा: CM सीएम ने कहा, उन्होंने अमित शाह से ड्रग्स के बढ़ते मामलों को लेकर भी चर्चा की है। सरकार ने इसे रोकने के लिए क्या किया है, इससे भी केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से ड्रग्स के मामलों में 30 फीसदी की कमी आई है। विधानसभा के इसी सत्र में एंटी ड्रग्स एक्ट पर सख्त कानून लाया जा रहा है। जल्द बनेगा संगठन CM सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में जल्द नया संगठन बनाया जाएगा। प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने जल्दी संगठन बनाने का आश्वासन दिया है। सबको साथ लेकर आगे बढ़ा जाएगा। इसे लेकर पार्टी प्रभारी ने सबके साथ चर्चा कर ली है। इन नेताओं की रजनी पाटिल से मुलाकात बता दें कि प्रदेश में कांग्रेस 4 महीने से अधिक समय से बिना संगठन के है। नया संगठन अब तक नहीं बनाया गया है। बीते दो दिनों के दौरान सीएम सुक्खू के अलावा डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और पूर्व अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर भी दिल्ली गए थे। इन चारों नेताओं की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल से मुलाकात के बाद सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *