दिवंगत-आरक्षक के परिवार को मिली 1 करोड़ की सहायता राशि:ड्यूटी के दौरान हुआ था निधन, पुलिस सैलरी पैकेज के तहत मिली राशि

छत्तीसगढ़ में ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में दिवंगत हुए आरक्षक राकेश डहरिया के परिजनों को मुंगेली पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आरक्षक की पत्नी नागेश्वरी डहरिया को यह राशि चेक के माध्यम से सौंपी। आरक्षक राकेश डहरिया मुंगेली जिले के थाना पथरिया में पदस्थ थे। उनका आकस्मिक निधन 24 जून 2025 को ड्यूटी के दौरान एक सड़क दुर्घटना में हो गया था। इस घटना पर पुलिस विभाग ने गहरा शोक व्यक्त किया था। पुलिस सैलरी पैकेज से 1 करोड़ का चेक दिया पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने 19 फरवरी 2026 को आरक्षक डहरिया की धर्मपत्नी नागेश्वरी डहरिया को सांत्वना देते हुए भारतीय स्टेट बैंक शाखा से 1 करोड़ रुपये का चेक प्रदान किया। यह सहायता पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत दी गई है। पुलिस सैलरी पैकेज योजना का मुख्य उद्देश्य ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी/कर्मचारी की आकस्मिक मृत्यु होने पर उनके आश्रित परिवार को आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता प्रदान करना है, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित हो सके। दिवंगत आरक्षक के परिजनों को दिया चेक भारतीय स्टेट बैंक, मुख्य शाखा बड़ाबाजार, मुंगेली के शाखा प्रबंधक राहुल रंजन सिंह ने बताया कि केंद्र/राज्य शासन द्वारा बैंकों के माध्यम से पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत शहीद जवान या आकस्मिक निधन की स्थिति में उनके आश्रित परिजनों को निर्धारित आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जाती है। इसी के तहत यह 1 करोड़ रुपये की राशि चेक के माध्यम से दिवंगत आरक्षक के परिजनों को दी गई है। 1 करोड़ रुपये की यह आर्थिक सहायता शासकीय प्रावधानों के अंतर्गत स्वीकृत की गई है। इसके अलावा, अन्य देय शासकीय लाभ जैसे अनुग्रह राशि, जीपीएफ/ग्रेच्युटी और अनुकम्पा नियुक्ति की कार्यवाही भी प्रक्रियाधीन है। दिवंगत आरक्षक की धर्मपत्नी नागेश्वरी डहरिया ने आर्थिक सहायता प्राप्त होने पर शासन, पुलिस प्रशासन और बैंक प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *