धमतरी | महाशिवरात्रि पर ब्रम्हाकुमारीज सेंटर धमतरी में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत सहस्त्र शिवलिंग दर्शन की मनोहारी झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। झांकी के दर्शन के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवा एवं बुजुर्ग पहुंच रहे हैं। भगवान शिव के विविध स्वरूपों के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। प्रारंभ में यह झांकी सीमित अवधि के लिए लगाई गई थी, लेकिन शहरवासियों एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से उमड़ रही भारी भीड़ और लोगों की निरंतर मांग को देखते हुए आयोजकों ने दर्शन की अवधि को बढ़ाकर अब 22 फरवरी तक कर दिया है। इससे अधिक से अधिक श्रद्धालु इस आध्यात्मिक अनुभूति का लाभ उठा सकेंगे। झांकी में सहस्त्र शिवलिंगों को अत्यंत कलात्मक ढंग से सजाया गया है, जहां प्रकाश, पुष्प सज्जा और शांत वातावरण भक्तों को ध्यान और भक्ति में लीन कर देता है। दर्शन के दौरान शिव के महत्व, उनके संदेश और आत्मिक जागरण से जुड़े प्रेरक विचार भी प्रस्तुत किए जा रहे हैं। इससे श्रद्धालुओं को धार्मिक के साथ-साथ जीवन मूल्यों की भी सीख मिल रही है। इसके साथ ही ब्रह्माकुमारीज सेंटर द्वारा विशेष ध्यान, मेडिटेशन एवं आत्मिक शांति शिविरों का आयोजन भी किया जा रहा है।


