भास्कर न्यूज | बालोद छत्तीसगढ़ विधानसभा में हाल ही पेश बजट पर सवाल उठाते हुए शिवकुमार साहू ने कहा कि दिव्यांग जनों के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया है। इसके विरोध में दिव्यांग 28 फरवरी को रायपुर के घड़ी चौक से मुख्यमंत्री निवास तक स्वाभिमान पैदल मार्च करेंगे। जिला अध्यक्ष हरिराम को राम ने बताया कि इस मार्च में शासन और प्रशासन से दिव्यांग जनों की सुरक्षा और सहायता सुनिश्चित करने का निवेदन किया जाएगा। शिवकुमार साहू ने बताया कि छत्तीसगढ़ में लगभग साढ़े सात लाख दिव्यांग हैं, लेकिन शासन की योजनाओं का केवल 65,000 दिव्यांगों तक लाभ पहुंच पा रहा है। शेष दिव्यांग पूरी तरह से वंचित हैं। दिव्यांगों की प्रमुख मांगों में पेंशन राशि 5,000 रुपए की जाए और बीपीएल सूची समाप्त की जाए। फर्जी प्रमाण पत्र बनाकर नौकरी कर रहे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई। दिव्यांग जनों को शासकीय नौकरी में 3% पदोन्नति निश्चित की जाए। दिव्यांगों के लिए बैकलॉग भर्ती की जाए। अविवाहित दिव्यांग महिलाओं को महतारी वंदन योजना में शामिल व कोविड काल में लिए गए दिव्यांग लोन को कर्ज माफ किया जाए और बिना गारंटी के लोन उपलब्ध कराया जाए।


