भास्कर न्यूज | राजिम महानदी, पैरी और सोंढूर के पावन त्रिवेणी संगम कुंभ कल्प मेले में क्षेत्रीय विधायक रोहित साहू ने अपनी व्यस्त दिनचर्या से समय निकालकर सक्षम दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के बच्चों को मेले और मीना बाजार का भ्रमण कराया और उनके साथ समय बिताया। मेले में विधायक को अपने बीच पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। साहू ने बच्चों की पसंद का पूरा ध्यान रखते हुए उन्हें अलग-अलग झूलों की सवारी कराई। खुद भी बच्चों के साथ झूला झूलते और खेलों में भाग लेते हुए उन्होंने माहौल को उत्सवमय बना दिया। हर ओर हंसी, ताली और उमंग की आवाज़ें गूंजती रहीं। विधायक ने बच्चों को एक संरक्षक की तरह अपने साथ रखते हुए उनकी सुरक्षा और आनंद का पूरा ख्याल रखा। बच्चों के साथ बिताया गया हर पल उनके लिए यादगार बन गया। बच्चे उत्साह और आत्मीयता से भर उठे। उ्न्होंने कहा कि ये दिव्यांग बच्चे हमारे समाज का अभिन्न हिस्सा हैं। राजिम कल्प कुंभ की दिव्य अनुभूति का आनंद लेने का अधिकार इन्हें भी उतना ही है। आज इनके साथ समय बिताकर जो सुकून मिला, उसे शब्दों में नहीं बांधा जा सकता।


