रायगढ़ | साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं और मांगें लेकर पहुंचे। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सभी आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन शासन और प्रशासन के बीच सीधे संवाद का माध्यम है, इसलिए हर आवेदन पर समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जनदर्शन में पेंशन, आवास योजना, राशन कार्ड, पेयजल, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े आवेदन मिले। तहसील खरसिया के ग्राम कुर्रूभाठा की रामेश्वरी पटेल आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि वे दिव्यांग हैं और बाहर जाकर काम करना संभव नहीं है। घर पर दोना‑पत्तल मशीन लगाकर स्वरोजगार शुरू करने के लिए उन्होंने आर्थिक सहयोग की मांग की। ग्राम बसनाझर के ग्रामीणों ने गांव में चल रहे अवैध महुआ शराब कारोबार को बंद कराने का आवेदन दिया। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध शराब निर्माण से गांव की शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही है और शराब सेवन से कई लोगों की असमय मौत भी हुई है। भूमि, ऋण और पार्किंग विवाद की शिकायत मिले घियारमुड़ा निवासी जंगलू राम मांझी ने कब्जा काश्त की भूमि की ऋण पुस्तिका प्रदान करने का आवेदन दिया। उनका कहना है कि वे लगभग 60 वर्षों से उक्त भूमि पर खेती कर रहे हैं। छोटे अतरमुड़ा की ईश्वरी चौहान ने अभ्युदय पीएम अजय योजना के तहत ऋण स्वीकृति में देरी की शिकायत की। उनका आवेदन बैंक स्तर पर लंबित बताया गया। रमेश अग्रवाल ने गांधी गंज स्थित सार्वजनिक पार्किंग स्थल के अवैध घेराव को हटाने की मांग की।


