दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए विशेष वितरण शिविर, 269 बच्चों को मिले सहायक उपकरण

फिरोजपुर | फिरोजपुर में दिव्यांग विद्यार्थियों को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से 2 और 3 मार्च को विशेष उपकरण वितरण शिविर आयोजित किए गए। ये शिविर फिरोजपुर, तलवंडी भाई, मक्खू और गुरुहरसहाय केंद्रों पर लगाए गए। कार्यक्रम जिला शिक्षा अधिकारी (एलिमेंटरी शिक्षा) सुनीता रानी और उप जिला शिक्षा अधिकारी कोमल अरोड़ा की अगुवाई में आयोजित किया गया। वर्ष 2025 में आयोजित असेसमेंट कैंपों के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सक टीमों द्वारा जिन सहायक उपकरणों की सिफारिश की गई थी, उन्हें इस शिविर में जरूरतमंद बच्चों को वितरित किया गया। शिविर के दौरान कुल 269 दिव्यांग बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुसार व्हीलचेयर, ट्राई साइकिल, बैटरी चालित साइकिल, श्रवण यंत्र (हियरिंग एड), टीएलएम किट तथा स्मार्ट फोन सहित विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इन उपकरणों का उद्देश्य बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियों को सुगम बनाना और उनकी दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करना है। कार्यक्रम में अभिभावकों ने भी भाग लिया और शिक्षा विभाग के इस प्रयास की सराहना की। अभिभावकों ने कहा कि इस प्रकार की पहल से दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी तथा उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। इस अवसर पर जिला शिक्षा कार्यालय से डिप्टी डिस्ट्रिक्ट एजुकेशन ऑफिसर, सभी ब्लॉकों के आईईआरटी, विशेष शिक्षकों तथा अलिमको की टीम के सदस्य उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवश्यक सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि कोई भी बच्चा शारीरिक अक्षमता के कारण पीछे न रह जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *