दिव्य ज्योति जागृति संस्थान द्वारा हाउसिंग बोर्ड स्थित नॉर्थ प्वाइंट पब्लिक स्कूल परिसर में भजन संध्या एवं सत्संग का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में समाजसेवी तरुण विजय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने साध्वी बहनों का अभिनंदन करते हुए कहा कि प्रभु के चरणों में समय बिताने से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और मानसिक शांति मिलती है। उन्होंने यह भी कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में आध्यात्मिकता व्यक्ति को संतुलन प्रदान करती है। साध्वी कमलेश्वरी भारती और साध्वी सविता भारती ने अपने भजनों और प्रवचनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया। साध्वी सविता भारती ने अपने संबोधन में कहा कि व्यस्त दिनचर्या के बावजूद प्रत्येक व्यक्ति को ईश्वर स्मरण के लिए समय निकालना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे छोटे बच्चों को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से दूर रखें, क्योंकि यह हमारी संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहा है। इस अवसर पर आगामी धार्मिक आयोजनों की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि 16 मार्च से 22 मार्च तक जंक्शन स्थित अनाज मंडी में श्रीमद्भगवद्गीता पाठ का आयोजन किया जाएगा। इससे पहले, 14 मार्च को मातृशक्ति द्वारा एक कलश यात्रा निकाली जाएगी। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।


