भास्कर न्यूज | अमृतसर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और पोस्ट पर जिला कांग्रेस शहरी के प्रधान सौरभ मदान मिट्ठू को कांग्रेस से ही भीतरघात होने की आशंका है। हालांकि मिट्ठू ने इस मामले में कोई टिप्पणी करने से तो इनकार किया मगर कहा कि छोटी उम्र में नौजवान को जिला शहरी कांग्रेस की प्रधानगी मिलना कुछ सीनियर नेताओं को पच नहीं रहा है। यही कारण है कि उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। वीरवार को एक वीडियो वायरल हुई, जिसमें सौरभ मदान मिट्ठू को एक कांग्रेस की महिला नेता और अन्य के साथ हुक्का पीते हुए दिखाया गया है। इतना ही नहीं, इस वीडियो क्लिप को चलाने से पहले सचखंड श्री हरमंदर साहिब की वीडियो भी अटैच की गई है। इस मसले पर मिट्ठू मदान का कहना है कि यह वीडियो 31 दिसंबर 2023 की रात की है, जब वह एक परिवार की ओर से रखी गई निजी पार्टी में परिवार के साथ पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने न तो हुक्के को हाथ ही लगाया और न ही किसी तरह के मादक पदार्थ का सेवन ही किया क्योंकि वह किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ का सेवन करते ही नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह वीडियो कांग्रेस के उन सीनियर नेताओं की शरारत है, जिन्हें एक युवा के जिले का प्रधान नियुक्त होना चुभ रहा है। मिट्ठू ने कहा कि इस संबंध में पंजाब प्रधान भूपेश बघेल और पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को स्थिति स्पष्ट कर दी गई है। इसके अलावा वह इस मामले को कोर्ट ले जाने के साथ-साथ पुलिस कार्रवाई करने के लिए भी कानूनी सलाह ले रहे हैं।


