कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने दावा करते हुए कहा कि, उनकी जासूसी अभी भी जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि, कॉलोनी के गार्ड को उनके घर आने वाली गाड़ियों के नंबर नोट करने के निर्देश दिए गए हैं। उनका मोबाइल सर्विलांस पर रखा गया है और कॉल डिटेल्स पर नजर रखी जा रही है। दीपक बैज ने कहा कि, वे सरकार की इस जासूसी से लेकर ED की कार्रवाई और पंचायत चुनाव की पूरी रिपोर्ट को कांग्रेस आलाकमान को सौंपेंगे। कुछ दिनों में बैज दिल्ली के लिए रवाना होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत चुनाव में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया जा रहा है। कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों को धमकाया जा रहा है। चुनाव में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग दीपक बैज ने कहा कि तहसीलदार और एसडीएम भाजपा के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि बलौदाबाजार में जनपद और जिला पंचायत चुनाव जीतने वाले प्रत्याशियों को बलौदाबाजार हिंसा मामले में फंसाने की धमकी दी जा रही है। ED कार्रवाई पर भी उठाए सवाल PCC चीफ ने ED की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यालय में अधिकारियों को भेजकर 9 घंटे तक पूछताछ की गई। यह कार्रवाई राजनीतिक दबाव में की जा रही है। गरीबों के पेट पर लात मार रही सरकार अवैध ठेले-गुमटियों पर की जा रही कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि सरकार केवल गरीबों पर कार्रवाई कर रही है, जबकि बड़े कब्जों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार गरीबों पर अत्याचार कर रही है और उनके पेट में लात मारने का काम कर रही है। बैज ने सवाल उठाया कि क्या सिर्फ गरीबों के ठेले-गुमटी ही अवैध हैं, जबकि रसूखदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण पर प्रशासन की कोई नजर नहीं जाती। उन्होंने सरकार से मांग की कि अगर अवैध कब्जों पर कार्रवाई करनी है तो छोटे दुकानदारों को हटाने से पहले बड़े कब्जाधारियों पर भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।


