रायपुर नगर निगम में कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी दीप्ति दुबे रविवार को कांग्रेस मुख्यालय पहुंची। राजीव भवन में उन्होंने प्रचार के आखिरी दिन कहा कि, मैंने मेरी पार्टी ने सकारात्मक तरीके से चुनाव अभियान चलाया। हमें संतोष है कि हमारी तरफ से चुनाव प्रचार के दौरान पूरे चुनाव अभियान के दौरान मर्यादाओं और संस्कारों का पूरा ध्यान रखा गया। हमने हमारे कार्यकर्ताओं ने इस बात का पूरा ध्यान रखा कि हमारे विपक्ष में जो उम्मीदवार खड़ी है, वे भी महिला है। इसलिए हमने अपने चुनाव अभियान की गरिमा को गिरने नहीं दिया। मुझे दुख है कि हमारे विपक्ष के जो लोग मैदान में है। उन्होंने मर्यादा को तोड़ा। भारतीय जनता पार्टी ने एक नारी के सम्मान पर प्रहार करने की कोशिश की। सोशल मीडिया पर मेरे बारे में ऐसे पोस्टर और मीम बनाये गये जो एक नारी के लिए पीड़ादायक था। मगर मैंने विरोधी बहनों की व्यक्तिगत जिंदगी पर कोई भी टिप्पणी नहीं की। खैर उनकी अपनी सोच है। रायपुर के लिए वादे दीप्ति दुबे ने रायपुर के लिए वादे करते हुए कहा कि रायपुर को धूल मुक्त, सहज यातायात वाला स्वच्छ शहर बनाना, बच्चों को बेहतर शिक्षा, माताओं-बहनों को स्वाभिमान से भयमुक्त शहर दे सकूं। यह मेरा लक्ष्य है। यह एक ऐसा रायपुर वहां ठेले वाले से लेकर बड़े व्यवसायी तक निर्भीक होकर अपना काम कर सके। सबके परामर्श से सबके सहयोग से उनके अपने शहर को खूबसूरत शहर बनाना मेरा सपना है। कांग्रेस बोली- भाजपा हारेगी चुनाव प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी नगरीय निकाय चुनाव हारने जा रही है। पूरे प्रदेश में सरकार के खिलाफ वातावरण है। 1 साल में साय सरकार जनता की आकांक्षाओं पर खरा नहीं उतर पाई है। भाजपा के पास जनता को बताने के लिए अपनी उपलब्धि के नाम पर कुछ नहीं है। यही कारण है कि भाजपा जनता में भ्रम फैलाकर चुनाव लड़ रही है। भाजपा को पता है मोदी के नाम से जनता वोट नहीं देगी ‘‘मोदी की गारंटी’’ फिर नहीं चलेगी। काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती इसीलिये नगरीय निकाय के घोषणा पत्र को ‘अटल विश्वास पत्र’ का नाम दिये है लेकिन जनता अब इनके झांसे में नहीं आने वाली।