दुकान न खोलने पर महिला की लाठी मारकर हत्या:आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस; समाज की पंचायत जुटी

सिरोही के बोकी भागली गांव में दुकान न खोलने पर एक अधेड़ महिला की लाठी मारकर हत्या कर दी गई। घटना सोमवार दोपहर बाद हुई। आरोपी युवक हत्या के बाद फरार हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। कोतवाली थाना अधिकारी कैलाश दान ने बताया कि बोकी-भागली गांव निवासी लीला देवी (54) पत्नी भूताराम गरासिया सोमवार दोपहर अपनी दुकान के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान सुरेश नामक युवक वहां आया और उनसे दुकान खोलने को कहा। महिला ने दुकान खोलने से इनकार कर दिया। दुकान खोलने से मना करने पर सुरेश ने पास पड़ी लाठी उठाई और लीला देवी के सिर पर जोर से वार कर दिया। लाठी लगते ही महिला नीचे गिर गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सुरेश मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना देर रात कोतवाली पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही डीएसपी मुकेश चौधरी दलबल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद शव को रात करीब 12:30 बजे सिरोही के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और आरोपी की तलाश शुरू की। इधर, बोकी भागली गांव के पटेल और अन्य लोग मृतका के मूल निवास गांव आमलिया पहुंचे। उन्होंने परिजनों और रिश्तेदारों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पंचायती शुरू हो गई। यह पंचायती मंगलवार देर शाम तक जारी रही। कोतवाली पुलिस ने महिला के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के लिए प्रमुख चिकित्सा अधिकारी सिरोही को लिखित सूचना दी है। पुलिस ने मृतका के पुत्र चतराराम पुत्र भूताराम गरासिया की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाधिकारी कैलाश दान ने बताया कि परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम सहित अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *