लुधियाना| दुगरी 200 फीट रोड पर अवैध रूप से खड़े ट्रक लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। सुबह एक युवती का स्कूटर सड़क पर खड़े ट्रकों की वजह से फिसल गया और वह गिर पड़ी। गनीमत रही कि उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन एक्टिवा को भारी नुकसान हुआ। इसी तरह, कुछ ही देर बाद एक युवक की मोटरसाइकिल भी इन्हीं ट्रकों की वजह से फिसलकर उनके नीचे आ गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत गलाडा के अधिकारियों को फोन कर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस रोड पर सीमेंट कारोबार से जुड़े दुकानदार अपने भारी ट्रक और लोडिंग वाहन अवैध रूप से सड़क पर खड़े कर देते हैं, जिससे रोजाना हादसे हो रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि गलाडा के अधिकारी किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं। इलाका निवासियों में इस लापरवाही को लेकर गहरा रोष है। सभी ने गलाडा और प्रशासन से जल्द से जल्द इन अवैध रूप से खड़े ट्रकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि इस सड़क पर रोजाना होने वाले हादसों को रोका जा सके। अगर जल्द कोई समाधान नहीं निकला, तो स्थानीय लोग विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।


