चंडीगढ़ के पीजीआई में बनाए गए साइंटिफिक सपोर्ट ग्रुप (SSG) की एक खास पहल की केंद्र सरकार ने सराहना की है। पीजीआई ने तंबाकू की जांच करने वाली लैब के लिए गुड लेबोरेटरी प्रैक्टिस (GLP) पर एक सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किया है। बताया जा रहा है कि यह दुनिया का पहला ऐसा कोर्स है, जो खास तौर पर तंबाकू जांच लैब के लिए बनाया गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारी डॉ. अविनाश सुंथलिया ने कहा कि इस कोर्स से तंबाकू जांच लैब में काम करने वाले लोगों को सही तरीके से जांच करने की ट्रेनिंग मिलेगी। इससे तंबाकू से जुड़ी नीतियां बनाने में भी सही और भरोसेमंद जानकारी मिलेगी। बड़े संस्थानों से मिलकर गाइडलाइन तैयार पीजीआई के प्रोफेसर और SSG के संयोजक डॉ. सोनू गोयल ने बताया कि इस कोर्स के लिए देश के बड़े संस्थानों के साथ मिलकर नियम और गाइडलाइन तैयार की गई हैं। इससे तंबाकू उत्पादों में मौजूद हानिकारक तत्वों की सही जांच हो सकेगी। इस कोर्स से देश की मौजूदा चार राष्ट्रीय तंबाकू जांच लैब को मजबूती मिलेगी और आगे दूसरी लैब्स को भी इसी तरह तैयार किया जाएगा। कोर्स में आसान भाषा में पढ़ाई, ग्रुप चर्चा और उदाहरणों के जरिए सिखाया जाएगा, ताकि लैब में काम करने वालों को सीधे फायदा हो।


