दुबई में फंसीं उम्मीदें:डोरंडा की नाजिया को पति का इंतजार, कांटाटोली के रिजवी की टल रही शादी

ईरान का इजराइल-अमेरिका के साथ चल रहे संघर्ष का असर राज्य के कई लोगों पर पड़ा है। रांची और झारखंड से घूमने और काम करने गए करीब 96 पर्यटक दुबई में फंस गए हैं। युद्ध के कारण भारत आनेवाली कई उड़ानें रद्द हैं। इससे इन लोगों की उनकी वतन वापसी टल गई है । दुबई में फंसे पर्यटकों का कहना है कि आर्थिक सहयोग के बावजूद मन में बेचैनी है। युद्ध जैसे हालात में परिवार से दूर रहना मुश्किल हो रहा है। चान्हो के बीजूपाड़ा निवासी दीपक कुमार की सीमेंट और छड़ की दुकान है। दीपक ने बताया कि उनका ग्रुप 28 फरवरी को भारत लौटने वाला था। अंतिम समय में उड़ान रद्द होने से हम सभी को वापस होटल में ठहरना पड़ा। वहीं, टूर आयोजित करने वाली कंपनी ने आश्वासन दिया है कि पर्यटकों की वापसी तक का पूरा खर्च वह स्वयं वहन करेगी। स्थानीय प्रशासन ने भी रहने और खाने की व्यवस्था की है। बावजूद अनिश्चितता और घर से दूरी की कसक हर सुविधा पर भारी पड़ रही है। इधर, रांची में परिजन लगातार मोबाइल के जरिए अपनों से संपर्क बनाए हुए हैं। घरों में इंतजार और चिंता का माहौल है। हर कॉल के साथ सुरक्षित वापसी की उम्मीद और भी गहरी हो रही है। तीन साल बाद पति आ रहे थे, बच्चे अब्बू को खोज रहे : नाजिया डोरंडा की नाजिया फातमा की आंखें अपने पति का जिक्र करते नम हो जाती हैं। उनके पति सैयद अब्दुल्लाह मुरादुल रहमान दुबई की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और इस बार ईद पर घर लौटने वाले थे। नाजिया बताती हैं कि उनके पति पिछले तीन वर्षों से घर नहीं आ पाए हैं। इस बार पूरे परिवार को उम्मीद थी कि ईद साथ मनाएंगे । मौजूदा हालात के कारण उड़ानें रद्द हो गईं और उनका घर आना एक बार फिर टल गया। बच्चे हर दिन पूछते हैं-अब्बू कब आएंगे? इतना कहते-कहते नाजिया फफक पड़ती हैं। ऐन वक्त पर फ्लाइट कैंसिल हो गई : पति इधर, दुबई से फोन पर बातचीत में सैयद अब्दुल्लाह ने बताया कि वे फिलहाल सुरक्षित हैं, लेकिन अनिश्चित परिस्थितियों को लेकर मन में भय बना हुआ है। घर आने की तैयारी काफी पहले से कर ली थी। टिकट भी हो चुका था, लेकिन उड़ानें रद्द होने से सब अधर में लटक गया। जैसे ही उड़ानें शुरू होंगी, सबसे पहले रांची लौटूंगा, ताकि परिवार और बच्चों के साथ ईद की खुशियां मना सकूं। उम्मीद अब सिर्फ उड़ानों के फिर से शुरू होने की है। दुबई में फंसे रिजवी की 25 मार्च को है शादी, अब उम्मीद उड़ानों पर टिकी कांटाटोली निवासी औरंगजेब खान के घर में शादी की तैयारी चल रही है , लेकिन मौजूदा हालात ने सभी की चिंता बढ़ा दी है। उनके भाई अमानुल्लाह खान और भांजा रिजवी खान दुबई की एक कंपनी में कार्यरत हैं। क्षेत्र में बढ़ते तनाव और उड़ानें रद्द होने से दोनों की घर वापसी अनिश्चित हो गई है। मामा औरंगजेब ने बताया कि रिजवी खान की शादी 25 मार्च को तय है। ईद के तुरंत बाद पूरे परिवार के लोगों को जुटना था। लेकिन लगातार रद्द हो रही उड़ानों के कारण परिवार दुविधा में है। हालांकि दोनों से लगातार बात हो रही है। यदि समय रहते उड़ानें बहाल नहीं हुईं, तो मजबूरन शादी की तिथि आगे बढ़ानी पड़ सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *