भास्कर न्यूज|लोहरदगा लोहरदगा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सह लोहरदगा इंटक अध्यक्ष आलोक कुमार साहू ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ट्वीट कर लोहरदगा की बेटी डॉ कंचन बाड़ा और उनके पति अतुल उरांव को दुबई से सुरक्षित भारत वापस लाने की मांग की है। आलोक साहू ने बताया कि डॉ. कंचन बाड़ा और अतुल उरांव शादी के बाद घूमने के लिए 27 फरवरी को दुबई गए थे। उनका भारत लौटने का कार्यक्रम 4 मार्च को निर्धारित था। लेकिन खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव और युद्ध जैसी स्थिति के कारण कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जिससे यह नवदंपति दुबई में फंस गए हैं। उन्होंने कहा कि ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर असर पड़ा है, जिसके कारण कई यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी स्थिति में लोहरदगा जिले के यह नवदंपति भी दुबई में फंसे हुए हैं। आलोक साहू ने प्रधानमंत्री से अनुरोध करते हुए कहा कि भारत सरकार इस मामले में पहल कर डॉ. कंचन बाड़ा और अतुल उरांव को सुरक्षित भारत वापस लाने की व्यवस्था करे, ताकि वे सकुशल अपने घर लौट सकें। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार विदेश मंत्रालय के माध्यम से इस मामले में आवश्यक कदम उठाएगी और फंसे हुए भारतीय नागरिकों को जल्द से जल्द स्वदेश लाने का कार्य करेगी।


