भास्कर न्यूज | अमृतसर दुर्ग्याणा तीर्थ के पास स्थित जय मां काली मंदिर में जय मां काली चिंतपूर्णी सेवक सभा की ओर से वीरवार दोपहर को शोभायात्रा निकली गई। महंत सुमेश सेठ छोटू और पंकज सेठ की अध्यक्षता में निकाली शोभायात्रा में समाज सेविका सुरभि वर्मा और विधायक अजय गुप्ता मुख्य रूप से शामिल हुए। उन्होंने माता रानी को माथा टेक कर आशीर्वाद लिया। महंत छोटू ने बताया कि मंदिर में मूर्ति स्थापना के 14 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यह शोभायात्रा निकाली गई। जबकि 14 दिनों तक मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम होंगे। शोभायात्रा से पहले पंडितों की ओर से मंत्रोच्चारण करके मां काली और मां चिंतपूर्णी जी की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद मंदिर प्रबंधकों ने माथा टेकने आए विधायक गुप्ता और सुरभि वर्मा को सम्मानित किया। दोपहर करीब साढ़े 3 बजे मंदिर से शुरू होकर शोभायात्रा लोहगढ़ गेट, ढाब खटीका, शक्ति नगर, भाई संत सिंह, नमक मंडी, मां चिंतपूर्णी मंदिर, ढाब बस्ती राम, काली माता मंदिर, शास्त्री मार्केट, बंबे वाला खूह से होते हुए रात को मंदिर में वापस पहुंची। इस मौके पर सुंदर फूलों से सजे रथ पर माता चिंतपूर्णी जी के चित्रपट को विराजमान किया गया। बैंड बाजे और ढोल की थाप पर निकली शोभायात्रा दौरान रास्ते में खड़े भक्तों ने मां की आरती उतारी और फूलों की वर्षा की। शहर के कई भक्तों ने शोभायात्रा के रास्ते में खाने-पीने का सामान प्रसाद के रूप में बांटा। इस मौके पर विकास भाटिया, पंडित लाल जी, नरेश महिंद्रू, शिव कुमार, सुनील मेहरा, साहिल महाजन, केशव, विषु, मोहित, मुकूल समेत कई भक्तजन मौजूद रहे।


