दुर्ग जिले में यातायात जाम और सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। कलेक्टर अभिजीत सिंह की अध्यक्षता में हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए, जिनमें सिरसा और खुर्सीपार में दो फ्लाईओवर के निर्माण को मंजूरी देना शामिल है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने भी बैठक में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को जिले में यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में रिफ्लेक्टर, स्पीड ब्रेकर और स्ट्रीट लाइट जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। दो फ्लाईओवर के निर्माण को मिली मंजूरी लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बैठक में बताया कि सिरसा और खुर्सीपार में दो फ्लाईओवर के निर्माण को स्वीकृति मिल गई है। इन फ्लाईओवर के बनने से इन क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही सुगम होगी और ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने हाईवा और भारी वाहनों में अनिवार्य रूप से रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए। साथ ही, सिविक क्षेत्रों में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने के लिए यूनिपोल लगाना अनिवार्य किया जाएगा। सुपेला मार्केट में अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर कार्रवाई के निर्देश सुपेला मार्केट क्षेत्र में अवैध पार्किंग पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर ने पार्किंग ठेकेदारों के खिलाफ वाहन जब्ती की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, जिले की सड़कों पर किए गए सभी प्रकार के अतिक्रमण को तत्काल हटाने का आदेश भी जारी किया गया। बैठक में पिछली बैठक की फॉलो-अप रिपोर्ट की समीक्षा की गई और विभागीय अधिकारियों ने अपनी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। यातायात सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कई नए सुझावों पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस बैठक में यातायात एएसपी ऋचा मिश्रा, नगर निगम भिलाई और दुर्ग के आयुक्त, एसडीएम, आरटीओ और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।


