दुर्ग में नाबालिग से गैंगरेप, दो आरोपी गिरफ्तार:2018 से नाबालिग से 6 लोग कर रहे थे दुष्कर्म, कई बार गैंगरेप भी किया

दुर्ग जिले के महिला थाना क्षेत्र से नाबालिग पीड़िता के साथ लंबे समय तक दुष्कर्म एवं सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 30 जनवरी 2026 को पीड़िता अपनी माता के साथ महिला थाना, दुर्ग पहुंची और शिकायत की। बताया कि अप्रैल 2018 से अक्टूबर 2025 के बीच, पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी होने के बावजूद कुल छह आरोपियों द्वारा उसके साथ अलग-अलग समय पर दुष्कर्म एवं सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं की गईं। लंबे समय तक चले इस अपराध से पीड़िता मानसिक और शारीरिक रूप से गंभीर रूप से प्रभावित रही। मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध किया। प्रकरण में धारा 65(1) और 70(2) भारतीय न्याय संहिता के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 6 एवं 12 के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण की जांच अत्यंत संवेदनशीलता के साथ विधि अनुसार की जा रही है, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जा सके। विवेचना के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में विजय स्वाइन (उम्र 37 वर्ष), निवासी दुर्गा नगर पश्चिम भिलाई तथा अनिल चौधरी (उम्र 60 वर्ष), निवासी ज़ोन वन, खुर्शीपार शामिल हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। पुलिस के अनुसार, शेष आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किए जाने की संभावना है। मामले में विवेचना के दौरान आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं, जो फिलहाल जांचाधीन हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *