दुर्ग के नए एसपी प्रशांत अग्रवाल ने आते ही शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर पूरा फोकस किया है। उनके निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस पिछले तीन दिनों से नो पार्किंग गाड़ियों पर कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने नेशनल हाईवे, सर्विस रोड, दुर्ग मालवीय नगर रोड, जेल रोड,मुर्गा चौक से खुर्सीपार रोड, सेक्टर 10 रोड, बोरसी रोड में खड़ी कंडम वाहनों को हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान ट्रैफिक एएसपी ऋचा मिश्रा खुद भरी दोपहरी अपनी टीम के साथ कार्रवाई करने सड़क में उतरी। उन्होंने खड़े होकर कंडम वाहनों को हटवाया और नो पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। इसके साथ ही उन्होंने पायल बस के संचालक पर सड़क में बाधा उत्पन्न करने की कार्रवाई की है। एएसपी ऋचा मिश्रा ने बताया कि विगत दिनों पूर्व दुर्ग जिले के प्रमुख बस संचालकों की मीटिंग लेकर उन्हें आवश्यक निर्देश दिए गए थे। उन्हें कहा गया था कि वो सड़क पर बस खड़ा ना करें। सर्विस रोड पर बसों को ना चलाएं। ड्राइवर और कंडक्टर किसी प्रकार का नशा ना करें। क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं। इसके बाद भी उन्होंने पाया कि कुछ बस संचालक निर्देशों का पालन नहीं कर रहे है। इस पर यातायात दुर्ग जोन प्रभारी निरीक्षक पीडी चंद्रा ने सड़क में खड़े वाहनों के मालिकों के खिलाफ नोटिस की कार्रवाई की। जब समझाइश और नोटिस के बावजूद भी पायल बस के संचालक ने सड़क पर ही वाहन खड़ा कर उसकी साफ सफाई करवा रहा था तो पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई की। यातायात पुलिस दुर्ग ने उनकी 6 बसों पर नो पार्किंग की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उनका ऑनलाइन चालान काटा। ऋचा मिश्रा ने बताया कि यह कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि बस संचालक नियमों का पालन करें और आगे से सड़क पर वाहन खड़ा ना करें। अपनी बसों को डिपो के अंदर ही वहां खड़ा करें। और शहर की यातायात व्यवस्था को सरल सुगम सुरक्षित बनाने में सहयोग प्रदान करें।


