दुर्ग में मारपीट की तीन अलग-अलग घटनाएं:शराब को लेकर दो वारदात, 48 घंटे में पांच आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

दुर्ग जिले में मारपीट की तीन अलग-अलग घटनाओं में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ये वारदातें भिलाई नगर और सुपेला थाना क्षेत्रों में बीते 48 घंटों के भीतर हुई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा है। पहली घटना भिलाई नगर थाना क्षेत्र के नेहरू नगर रेलवे फाटक के पास 20 फरवरी की रात हुई। सेक्टर-07 निवासी एक व्यक्ति काम से लौट रहा था, तभी दो परिचित युवकों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि उन्होंने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पीड़ित के इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोपी ने धारदार हथियार से किया हमला इसके बाद, एक आरोपी ने धारदार हथियार से पीड़ित पर हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। घायल व्यक्ति की शिकायत पर भिलाई नगर थाने में अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सेक्टर-07 भिलाई निवासी जीतू सिंह और शुभम को गिरफ्तार कर उनके पास से धारदार हथियार जब्त किया है। उन पर BNS की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। दूसरी घटना सुपेला थाना क्षेत्र के पांच रास्ता गली नंबर 4 में 20 फरवरी को हुई। गौरव पाल नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई कि जब वह अपने घर के पास ऑटो में बैठा था, तभी पड़ोसी राजा सोनकर उर्फ राजा बटीक ने अकारण गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने गौरव पाल के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मां-बेटे को गिरफ्तार किया इस दौरान, बीच-बचाव करने आए पड़ोसी तपेश सोनी और उनकी पत्नी दिशा के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि आरोपी राजा सोनकर और उसकी मां ने तपेश सोनी के हाथ में दांत से काटकर चोट पहुंचाई। वे उनके घर में भी घुस गए और उनकी बेटी नेहा उर्फ गीतिका के साथ भी मारपीट की। सुपेला पुलिस ने अपराध दर्ज कर मां-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। 24 घंटे में गिरफ्तारी, आदतन आरोपी भी पकड़ाया तीसरी घटना भी सुपेला क्षेत्र की है। 21 फरवरी की रात भारतमाता चौक स्थित अरुण किराना दुकान के पास बैठे तुलसीराम भारती से आरोपी प्रताप रात्रे ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। मना करने पर उसने गाली-गलौज कर हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से खत्म करने की धमकी दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने अपराध दर्ज कर 24 घंटे के भीतर आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में जुआ प्रकरण में पंजीबद्ध आदतन अपराधी है। पुलिस की सख्ती, आरोपियों को भेजा गया जेल तीनों मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *