दुर्ग में शातिर चोर गिरफ्तार:खेल मैदान और परीक्षा केंद्रों के बाहर खड़ी गाड़ियों से चोरी करता था मोबाइल, लॉक खोलकर करता था ऑनलाइन ट्रांजेक्शन

भिलाई नगर थाना पुलिस ने मोबाइल चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी खेल मैदानों और परीक्षा केंद्रों के बाहर खड़े वाहनों को निशाना बनाकर मोबाइल फोन चोरी करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 6 लाख रुपये मूल्य के मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जांच के दौरान पुलिस को यह जानकारी मिली कि क्षेत्र में खेल मैदानों और परीक्षा केंद्रों के बाहर खड़े दोपहिया वाहनों से मोबाइल चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं। इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर शुभम श्रीवास (उम्र 24 वर्ष) निवासी कातुलबोर्ड हरिनगर दुर्ग, स्थायी पता थाना ओमती जिला जबलपुर (मध्यप्रदेश) को हिरासत में लेकर पूछताछ किया, जिसके बाद यह पूरा मामला सामने आया। मोबाइल को अनलॉक कर पैसे करता था खर्च
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह स्कूटी और अन्य वाहनों की डिक्की से मोबाइल फोन, पर्स, आधार कार्ड और एटीएम कार्ड चोरी करता था। आरोपी चोरी किए गए मोबाइल फोन को सामान्य लॉक पैटर्न के जरिए अनलॉक कर लेता था और फिर संबंधित बैंक खातों से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर रकम निकाल लेता था। चोरी के मोबाइल से ही वो अपना खर्च चला रहा था। खेल मैदान और परीक्षा केंद्रों को बनाता था निशाना
थाना भिलाई नगर से प्राप्त जानकारी के अनुसार सेक्टर-7 भिलाई में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान खड़ी गाड़ियों से तीन मोबाइल फोन, कार की चाबी और अन्य सामान चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इस पर थाना भिलाई नगर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी। जांच में पता चला कि आरोपी खेल मैदानों और परीक्षा केंद्रों के बाहर खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 6 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *