दुर्ग पुलिस ने रविवार को सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों से इन आरोपियों को पकड़ा और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। उनके कब्जे से बटनदार और स्टील के धारदार हथियार के साथ एक कार भी जब्त की गई है। जामुल थाना क्षेत्र के आम्रपाली वनांचल सिटी के पीछे हाउसिंग बोर्ड 32 एकड़ इलाके में रविवार को हड़कंप मच गया। यहां एक कार में सवार तीन-चार युवक राहगीरों को धारदार हथियार दिखाकर डरा-धमका रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस ने कार सवार चार युवकों को पकड़ा। तलाशी के दौरान मारुति एस-प्रेसो कार से एक धारदार बटनदार हथियार बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक नायकर (25), समशेर आलम अंसारी (30), शेख सानू (28) और पीयूष कुमार गुप्ता (20) के रूप में हुई है। ये सभी अलग-अलग इलाकों के निवासी हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ अपराध क्रमांक 98/2026 के तहत धारा 25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी क्षेत्र में दहशत फैलाने और गुंडागर्दी करने के उद्देश्य से हथियार लेकर घूम रहे थे। इसी दिन मोहन नगर थाना क्षेत्र में भी एक युवक द्वारा सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराने की सूचना मिली। धमधा रोड स्थित सब्जी मंडी के पास यह युवक लोगों को भयभीत कर रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक स्टील का धारदार हथियार बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुनाल नामदेव (22), निवासी आशा नगर, वार्ड क्रमांक 18, दुर्ग के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 129/2026 के तहत धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।


