लालपुर के अवैध कॉम्प्लैक्स को ध्वस्त करने का काम लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। शनिवार से शुरू हुए इस अभियान के तहत रविवार देर शाम तक 90 फीसदी काम ही पूरा हो पाया है। बता दें कि 20 हजार वर्गफीट कोटवारी जमीन पर अवैध तरीके से 11 दुकानें और 77 कमरे बनाकर किराए पर दे दिया गया था। लंबी सुनवाई के बाद नगर निगम और जिला प्रशासन ने शहर के अब तक के सबसे बड़े अवैध कॉम्प्लैक्स पर कार्रवाई की। शनिवार सुबह 10 बजे से अभियान की शुरुआत हुई जो शाम 7 बजे तक चली। इसके बाद रविवार को सुबह 10 बजे से काम शुरू हुआ, जो शाम 7.30 बजे तक चली। दो दिन लगातार 6 जेसीबी, 2 पोकलेन, कटर, 10 डंपर और 20 मजदूरों द्वारा काम किए जाने के बाद कॉम्प्लैक्स 90 फीसदी ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान नगर निगम जोन 10 के अधिकारी और राजस्व और पुुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


