छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में केशनाथ ध्रुव नाम का एक दृष्टिबाधित छात्र है, जिसमें एक अनोखी प्रतिभा है। वह किसी भी वर्ष की किसी भी तारीख का दिन कुछ ही सेकेंड में बता देता है। 90 प्रतिशत दृष्टिबाधित होने के बावजूद, केशनाथ का सपना पढ़-लिखकर शिक्षक बनना और बच्चों के भविष्य को संवारना है। केशनाथ ध्रुव धमतरी जिले के रुद्री स्थित एक्जेक्ट फाउंडेशन संस्था के दिव्यांग आवासीय प्रशिक्षण केंद्र में रहता है। इस केंद्र में 35 बच्चे शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, जिनमें से 15 बच्चे दृष्टिबाधित हैं। ये बच्चे ब्रेल लिपि के माध्यम से पढ़ाई करते हैं। केशनाथ नगरी के वनांचल क्षेत्र का रहने वाला है और 12वीं कक्षा में पढ़ रहा है। उसकी पढ़ाई कराने वाली शिक्षिका भी दृष्टिबाधित हैं। ‘कैलेंडर बॉय’ के नाम से भी जाना जाता है केशनाथ की यह प्रतिभा इतनी सटीक है कि उसे ‘कैलेंडर बॉय’ के नाम से भी जाना जाता है। वह बिना किसी देरी के, चंद सेकंड में ही किसी भी तिथि का वार बता देता है। वह अपने गृहग्राम निर्राबेड़ा, नगरी वनांचल से आकर यहां पढ़ाई कर रहा है और शिक्षक बनने का लक्ष्य रखता है। अनोखी प्रतिभा पर हर कोई आश्चर्य चकित एक्जेक्ट फाउंडेशन की अध्यक्ष लक्ष्मी सोनी ने केशनाथ की इस अनोखी प्रतिभा पर आश्चर्य व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि जब केशनाथ ने पहली बार अपना हुनर दिखाया, तो वे हैरान रह गईं। केशनाथ न केवल आगामी जन्मदिन का वार बता देता है, बल्कि वह किसी भी बीते हुए या आने वाले वर्ष की तारीख का दिन भी तुरंत बता सकता है।


