देर-रात जली होली, आज भी होगा होलिका दहन

धमतरी शहर में होलिका दहन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। शहर में 150 से अधिक स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा। इनमें से अधिकांश जगहों पर सोमवार देर-रात को होली जलाई गई, जबकि कुछ स्थानों पर मंगलवार यानी आज रात को होलिका दहन होगा। फागुन पूर्णिमा के अवसर पर भद्रा, सूतक काल और ग्रहण के कारण यह त्योहार 2 दिनों तक मनाया जाएगा। ग्रहण के प्रभाव के चलते 3 मार्च को सभी मंदिरों के पट सुबह से बंद रहेंगे। चंद्रग्रहण समाप्त होने के बाद ही पट खोलकर पूजन, आरती संपन्न की जाएगी। होली को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। विभिन्न वार्डों में युवाओं की टोलियां इस त्योहार की खुशियां बांटने के लिए खास तैयारियों में जुटी हुई हैं। शहर के गणेश चौक स्थित श्रीगणेश मंदिर के पास आकर्षक होलिका सजाई गई है, जिसमें भक्त प्रहलाद को अपनी गोद में लेकर होलिका की प्रतिमा स्थापित की गई है। आयोजन समिति के सदस्यों राजा नामदेव, रवि कसार, साकेत यादव और दिनेश नामदेव ने बताया कि यहां सोमवार आधी रात 1.30 बजे के बाद होलिका दहन किया जाएगा। वहीं, बालक चौक में पंचांग के अनुसार मंगलवार को दहन होगा। शहर के कई अन्य इलाके आमापारा, बनियापारा, मकेश्वर वार्ड, लालबगीचा, टिकरापारा, हटकेशर, रामसागर पारा, दानीटोला, जालमपुर, कोष्टापारा और सदर बाजार में भी होलिका दहन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कुछ क्षेत्रों में सोमवार देर-रात होली जलाई गई, जबकि अन्य स्थानों पर यह कार्यक्रम मंगलवार को आयोजित होगा। इधर सोमवार देर-रात तक बस्तियों में युवाओं की टोली ढोल-नगाड़ों की धुन पर रंग-गुलाल खेलते हुए नाच-गाने में व्यस्त रही। इस दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए चौक-चौराहों जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *