देवघर के कोरियासा मोहल्ले में कपिध्वज समाज की ओर से श्रीरामचरितमानस नवाह परायण हवनात्मक महायज्ञ का शुभारंभ शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। यह धार्मिक अनुष्ठान 29 मार्च से 6 जून तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन हवन और रामकथा का आयोजन होगा। कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाएं और कुंवारी कन्याएं पारंपरिक परिधानों में सिर पर कलश लेकर भक्ति भाव के साथ शामिल हुईं। यात्रा के बाद विधिवत मंडप पूजन किया गया और श्रीरामचरितमानस पाठ आरंभ हुआ। हर दिन होगी रामचरित की कथा आयोजन समिति के सदस्य श्रीनिवास दुबे ने जानकारी दी कि हवन और कथा का कार्यक्रम प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शुरू होगा। अंतिम दिन 5 जून को पूर्णाहुति के साथ यज्ञ का समापन किया जाएगा, जिसके उपरांत ब्राह्मणों को भोजन कराकर पुण्य लाभ प्राप्त किया जाएगा। कोरियासा स्थित बजरंगबली मंदिर के समीप एक विशाल पंडाल की व्यवस्था की गई है, जहां नौ दिवसीय कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के लिए कथा और प्रवचन होंगे। प्रतिदिन विशिष्ट कथावाचक रामकथा को सरल और सहज भाषा में प्रस्तुत करेंगे, ताकि हर वर्ग के लोग उससे जुड़ सकें।


