मधुपुर-गिरिडीह रेल मार्ग पर एक दुखद घटना सामने आई है। जगदीशपुर और सुग्गापहाड़ी के बीच किलोमीटर संख्या 08/08 पर गुरुवार को एक 30 वर्षीय एक महिला की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। गिरिडीह से मधुपुर जा रही सवारी गाड़ी संख्या 53511 के चालक ने घटना की सूचना आसनसोल रेलवे कंट्रोल को दी। इसके बाद मधुपुर रेल प्रशासन को भी सूचित किया गया। सूचना मिलते ही मधुपुर आरपीएफ के सब-इंस्पेक्टर श्याम सुंदर कुमार और बुढ़ई थाना के सब-इंस्पेक्टर शकिल अहमद अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। मृतक महिला की पहचान नहीं हो पाई पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को रेल पटरी से हटाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए देवघर स्थित सदर अस्पताल भेज दिया है। अभी तक मृतक महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के ग्रामीणों से संपर्क कर महिला की पहचान करने का प्रयास कर रही है। आरपीएफ के अनुसार इस घटना से रेल परिचालन प्रभावित नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


