देवबलौदा मेले में बजरंग दल का मुस्लिम दुकानदारों से विवाद:नाम पूछकर आधार कार्ड मांगा, भगवान की तस्वीर बेचने के लिए जय श्री राम के नारे लगाने कहा, मुस्लिम समाज ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

देवबलौदा-चरोदा में महाशिवरात्रि मेले के दौरान मुस्लिम दुकानदारों के साथ हुए विवाद के बाद मुस्लिम समाज ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी की गई है। बुधवार को मुस्लिम समाज, भीम आर्मी, भिलाई नगर जामा मस्जिद ट्रस्ट और राजनांदगांव मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि दुर्ग कलेक्टोरेट पहुंचे। उन्होंने राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। लगातार बजरंग दल कर रहा ऐसा कृत्य : भीम आर्मी
मुस्लिम समाज और भीम आर्मी के पदाधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में लगातार आपसी भाईचारे और सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। कभी ईसाई समाज, कभी मुस्लिम समाज तो कभी दलित समाज के खिलाफ इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने मांग की कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो। भीम आर्मी के पदाधिकारियों का कहना है कि बजरंग दल लगातार प्रदेश में इस तरह का कृत्य कर रहा है। मुस्लिमों से मांगे गए आधार कार्ड
मुस्लिम समाज का आरोप है कि मेले में मुस्लिम दुकानदारों से नाम पूछे गए, आधार कार्ड मांगे गए, गाली-गलौज की गई और धक्का-मुक्की भी हुई। दुकानदारों का कहना है कि उन्होंने निगम से नियमानुसार रसीद लेकर दुकानें लगाई थीं, इसके बावजूद उन्हें व्यापार करने से रोका गया और अपमानित किया गया। व्यापारी आसिया बेगम ने बताया कि सामान खरीदने के बहाने पहले कीमत पूछी गई, फिर नाम पूछकर गाली देना शुरू कर दिया गया। आरोप है कि उनके सामान तोड़े गए और ग्राहकों को भी भगा दिया गया। जय श्री राम के नारे लगाने का बनाया दवाब
एक अन्य दुकानदार सलमा बेगम ने कहा कि उनसे आधार कार्ड मांगा गया और धार्मिक नारे लगाने का दबाव बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि धमकी दी गई कि अगले साल मेले में दुकान लगाने आईं तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इतना ही नहीं ये भी कहा कि अगली बार मेला में आना तो धर्म बदलकर आना। धर्म के नाम पर समाज को बांटने की कोशिश
मुस्लिम समाज के नजरूल खान ने कहा कि छग में धर्म-जाति के नाम पर लोगों को बांटा जा रहा है। ये नया-नया सिस्टम शुरू किया गया है, इसे रोकने के लिए हमने मांग की है। देश का माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग को लेकर हम कलेक्टर से मिलने आए थे। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। देश को जाति-धर्म के नाम पर बांटने वालों पर दंगा की धाराएं लगानी चाहिए। मुस्लिम समाज इनकी गिरफ्तारी की मांग करने के लिए आए हैं। हम ज्योति शर्मा समेत उसके सभी समर्थक के उपर कार्रवाई की मांग को लेकर आए हैं, उसमें कुछ अपराधी किस्म के लोग शामिल हैं, थाने के निगरानी शुदा बदमाश भी हैं। किसी को भी उन्माद फैलाने की अनुमति नहीं देनी चाहिए। लगातार खराब किया जा रहा छत्तीसगढ़ का माहौल
भिलाई नगर मस्जिद ट्रस्ट के अध्यक्ष मिर्जा आसिम बेग ने कहा कि छत्तीसगढ़ का सौहार्दपूर्ण माहौल पिछले कुछ समय से खराब किया जा रहा है। देवबलौदा-चरोदा मेले में मुस्लिम दुकानदारों को धर्म के नाम पर अपमानित किया गया और उल्टा उन्हें ही थाने में बैठा दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना जानबूझकर कराई गई है और इसमें बजरंग दल से जुड़ी एक महिला शामिल है, जो पहले भी अन्य समुदायों के खिलाफ ऐसा कर चुकी है। समाज ने राज्यपाल व मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच, गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। की जा रही है वैधानिक कार्रवाई
इस मामले पर सीएसपी भिलाई नगर सत्यप्रकाश तिवारी ने कहा कि दो दिन पूर्व देवबलौदा महाशिवरात्रि मेला में कुछ घटना हुई थी, जो भी दोषी व्यक्ति हैं उनके विरुद्ध कार्रवाई के संबंध में कार्रवाई के संबंध में संयुक्त रूप से ज्ञापन सौंपा गया है। उनके दिए गए ज्ञापन के अवलोकन में बिंदुओं की जांच की जा रही है। इसमें भिलाई-3 थाने में तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *