मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव श्रीराम नवमी पर सिद्ध शक्तिपीठ श्री देवी तालाब मंदिर से 25 मार्च को शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसकी तैयारियों के लिए संपर्क अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत टीम प्रमुख अश्वनी शर्मा, रमन शर्मा, सौरभ शर्मा और मुनीश शर्मा ने मनोकामना सिद्ध मंदिर के महामंडलेश्वर व भारत साधु समाज के अध्यक्ष आचार्य बंसी दास महाराज, पंच दशनाम जूना अखाड़ा से स्वामी अनंता गिरी जी महाराज तथा स्वामी नवरत्न दास (हरिद्वार) से शोभायात्रा के कैलेंडर व प्रचार सामग्री का विमोचन करवाया। इस दौरान साधु समाज, मंदिर कमेटियों के प्रतिनिधियों और महामंडलेश्वरों ने 25 मार्च को शक्तिपीठ से निकलने वाली शोभायात्रा में सुंदर झांकियों और बैंड-बाजों सहित बढ़-चढ़कर भाग लेने का आश्वासन संपर्क अभियान टीम को दिया। शोभायात्रा में अन्य राज्यों से आने वाली भव्य झांकियां और बैंड आकर्षण का केंद्र होंगे। यह शोभायात्रा मंदिर प्रांगण से आरंभ होकर टांडा अड्डा, होशियारपुर अड्डा चौक, खिंगरा गेट, भगत सिंह चौक, मिलाप चौक, प्रभु श्रीराम चौक, भगवान वाल्मीकि चौक, बस्ती अड्डा, पटेल चौक और माई हीरां गेट से होती हुई पुनः मंदिर परिसर में संपन्न होगी।


