देशभर में आज मनेगी ईद:यूपी में सड़क पर नमाज पढ़ने से रोक, प्रशासन मुस्तैद; IEMC अध्यक्ष ने कहा था- जहां चाहूंगा, नमाज पढूंगा

देश में आज ईद-उल-फित्र का त्योहार मनाया जाएगा। अलग-अलग मस्जिदों और ईदगाहों में ईद की नमाज अता करने का समय अलग-अलग है। लखनऊ के ऐशबाग ईदगाह में महिलाएं भी नमाज अता कर सकेंगी। इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। उत्तर प्रदेश में सड़क पर नमाज पढ़ने से रोक के बाद पुलिस-प्रशासन अलर्ट पर है। इस पर इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (IEMC) के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा ने रविवार को कहा था कि मैं कहीं पर भी खड़े होकर नमाज पढूंगा। देखता हूं मुझे कौन रोकता है। यह मेरा भी देश है। वहीं, इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने सड़क पर नमाज न पढ़ने की अपील की है। मेरठ में सड़क पर नमाज पढ़ी तो पासपोर्ट रद्द
यूपी सरकार ने सख्त हिदायत के बाद मेरठ पुलिस ने अलग से एडवाइजरी जारी की है। मेरठ पुलिस ने कहा, किसी भी स्थिति में सड़क पर नमाज बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सड़क पर नमाज पढ़ने वालों के पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस रद्द कर दिए जाएंगे। संभल में घर की छतों पर नमाज पढ़ने से रोक
जिले में घर की छतों और सड़कों पर नमाज पढ़ने पर रोक लगाई गई है। सीओ अनुज चौधरी ने कहा- हम प्रशासनिक सेवा में हैं। हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपना काम सही से करें। हम लोग ये बिल्कुल नहीं चाहेंगे कि कोई बवाल हो या दिक्कत हो। किसी भी तरह की समस्या होगी तो वो आपको भी झेलनी पड़ेगी और हमें भी झेलनी पड़ेगी। मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद और यूपी प्रभारी संजय सिंह ने कहा- यूपी में मुसलमानों को नमाज पढ़ने से रोका जा रहा है। दूसरी तरफ सौगात-ए- मोदी बांटी जा रही है। ये BJP का दोहरा चरित्र है। भाजपा की ईद पर सौगात-ए-मोदी भाजपा ने 25 मार्च को सौगात-ए-मोदी अभियान शुरू किया था। इसके तहत देशभर में 32 लाख वंचित मुसलमानों को ईद मनाने के लिए विशेष किट बांटी गई। पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा ने इस अभियान की जिम्मेदारी संभाली थी। मोर्चे के कार्यकर्ता देश की 32 हजार मस्जिदों की मदद से जरूरतमंदों तक ये किट पहुंचाई है। इसके लिए हर मस्जिद से 100 लोगों को मदद पहुंचाने का टारगेट था। अकेले यूपी में 10 लाख मुस्लिम परिवारों तक यह किट पहुंचाने का लक्ष्य था। सौगात-ए-मोदी किट में इसमें महिलाओं के लिए सूट, पुरुषों के लिए कुर्ता-पायजामा, दाल, चावल, सेवई, सरसों तेल, चीनी, कपड़े, मेवा, खजूर शामिल हैं। प्रत्येक किट की कीमत ₹500-₹600 के करीब बताई गई है। एक दिन पहले बोहरा मुस्लिमों ने मनाई ईद
बोहरा मुस्लिमों ने रविवार को ईद-उल-फित्र का त्योहार मनाया था। प्रमुख मस्जिदों में सुबह 6 बजे ईद की नमाज अदा की गई, जिसमें समाज के हजारों लोग शामिल हुए। नमाज के बाद समाज के लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। परंपरा के अनुसार, बच्चों को ईदी भी दी गई। बोहरा समाज अन्य मुस्लिमों से एक दिन पहले ईद मनाता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *