देश की एकता और अखंडता के लिए हमें एकजुट होकर खड़े रहना चाहिए: देशुराम

भास्कर न्यूज | परपोड़ी भारतीय सेना द्वारा आतंकवाद के खिलाफ पाकिस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से कड़ी कार्रवाई में भारतीय सेना के इस बहादुरी और जज्बे को सलाम करते हुए परपोड़ी में तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा नगर के मुख्य चौराहों, बस स्टैंड चौक, बाजार चौक आदि से निकली। परपोड़ी में देशभक्ति से ओतप्रोत होकर तिरंगा यात्रा में लोगों के हाथों में तिरंगा झंडा था व देशभक्ति के नारों से आकाश गुंजायमान हो गया। इस मौके पर नपं अध्यक्ष देशु राम साहू ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर भारतीय सेना के जवानों की तारीफ करते हुए कहा कि हमें गर्व होना चाहिए कि हम भारतीय हैं। हमारी सेना देश के नागरिकों को चैन की नींद के लिए दिन-रात सीमा की रक्षा करते हैं। हम आज उनके जज्बे को याद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में हमें अपने देश की एकता और अखंडता के लिए हम सभी को एकजुट होकर खड़े रहना चाहिए। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष नारद वर्मा, सतीश जैन, सेवा सहकारी समिति के प्राधिकृत अधिकारी राजेश दुबे, सीएमओ परपोड़ी, पार्षद, उपअभियंता, दीपक शुक्ला, नगर पंचायत का अमला, स्वसहायता समूह की महिलाएं आदि उपस्थित थे। तिरंगा यात्रा में उपाध्यक्ष शिवबती साहू ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता में भारतीय सेना के जांबाज सैनिकों के जज्बे को सलाम करते हुए कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने पाकिस्तान में आतंकियों के ठिकाने को ध्वस्त किया और यह दिखाया कि ऐसी कायराना हरकतों का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। उन्होंने पहलगाम घटना के बारे में बताते हुए कहा कि जिन आतंकवादियों ने हमारे लोगों को हम से दूर किया, उनको सबक सिखाने हमारी सेना ने आतंकियों के ठिकानों को ध्वस्त किया। गलियों में भारतमाता के जयकारे लगाए गए ग्राम देऊरगांव में तिरंगा यात्रा निकालकर वीर जवानों को नमन किया। गांव की गलियों में भारत माता की जय, वंदे मातरम के नारे गूंज उठे। यात्रा में जिला सदस्य अनिल वर्मा, राजेंद्र जंघेल, पंच संगीता ढीमर, रोजगार सहायक प्रतिभा सोरी समेत अन्य लोग उपस्थित थे। ग्राम जानो में भी तिरंगा यात्रा में भाजपा किसान मोर्चा परपोड़ी मंडल अध्यक्ष हेमंत कौशल, सरपंच लता कौशल उपसरपंच विनय पटेल, तारण कौशल, लूरू वर्मा राजेश वर्मा, दुकालू पटेल शंकर विश्वकर्मा, कान्हा पटेल समेत क्षेत्र के ग्रमीण शामिल हुए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *