भास्कर न्यूज| लुधियाना देश में बनते युद्ध जैसे हालातों और बढ़ते तनाव को देखते हुए लुधियाना के सभी प्रमुख गुरुद्वारा साहिबों में स्त्री सत्संग सभा की ओर से श्री सुखमणि साहिब और श्री चौपाई साहिब के पाठों की लड़ी शुरू की गई है। इस धार्मिक पहल का उद्देश्य देश और समाज में सुख-शांति, सुरक्षा और सकारात्मकता का संचार करना है। सुबह से ही गुरुद्वारों में संगत का आना शुरू हो जाता है, जहां महिलाएं मिलकर गुरबाणी का पाठ करती हैं। स्त्री सत्संग सभा की सदस्याओं का कहना है कि वर्तमान माहौल में समाज को आध्यात्मिक ऊर्जा और सामूहिक प्रार्थना की आवश्यकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह पाठों की लड़ी शुरू की गई है। इस दौरान संगत के लिए विशेष कीर्तन दरबार का भी आयोजन किया जा रहा है, जहां सामूहिक अरदास की जा रही है। स्त्री सत्संग सभा का मानना है कि सामूहिक प्रार्थना से नकारात्मकता का नाश होता है और सुख-शांति का मार्ग प्रशस्त होता है। संगत रात में घर में ही पाठ करें: गुरुद्वारा श्री सिंह सभा, बीआरएस नगर ई ब्लॉक के प्रधान सत्यपाल सिंह ने भी कीर्तन समागम रद्द करते हुए संगत से अपील की है कि वे रात 8 बजे तक गुरुद्वारा साहिब से विदा लें और अपने घरों में पाठ करें। उन्होंने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी की चौपाई साहिब में खुद रक्षा की अरदास की गई है हमरे दुशट सभै तुम घावहु, आप हाथ दै मोहि बचावहु। यही भाव लेकर हम सब संगत जुड़ रहे हैं। आप हाथ दे मोहि बचाव सुखी बसै मोरो परिवारा … गुरुद्वारा श्री सिंह सभा, सराभा नगर के प्रधान जसपाल सिंह ठुकराल ने बताया कि उन्होंने इस रविवार को होने वाला समागम रद्द कर दिया है और देश की सुख-शांति के लिए सहज पाठ की शुरुआत की है, जिसमें बड़ी संख्या में संगत भाग ले रही है। गुरुद्वारा श्री सिंह सभा, खुड़ मोहल्ला में भी स्त्री सत्संग सभा द्वारा पाठों की विशेष लड़ी शुरू की गई है, जिसमें महिलाएं मिलकर पूरी श्रद्धा से पाठ कर रही हैं। संगत की ओर से यह प्रयास केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक ज़िम्मेदारी का प्रतीक है। शहर के हर कोने से गुरबाणी की आवाज़ें अब देश के सुखद भविष्य के लिए उठ रही हैं।