मेवाड़ और मारवाड़ को जोड़ने वाला पाली-नाडोल-देसूरी-चारभुजा मार्ग अब सिर्फ फोरलेन नहीं बनेगा, बल्कि देसूरी नाल में 9 किमी लंबा स्काई-वे बनाया जाएगा। 83 किमी लंबे इस सेक्शन (NH-162E) की डीपीआर तैयार कर केंद्रीय सड़क मंत्रालय को भेज दी गई है। डीपीआर पर 2.58 करोड़ खर्च हुए हैं। प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 1800 से 2000 करोड़ के बीच है। प्रोजेक्ट में 9 नए बाईपास और कई री-अलाइनमेंट शामिल हैं, ताकि ट्रैफिक आबादी से बाहर शिफ्ट हो और हादसों पर ब्रेक लग सके। इस मार्ग को देश का सबसे ज्यादा हादसों वाला रास्ता माना जाता है। साल 1952 से 2026 तक 1 हजार से अधिक मौतें हो चुकी हैं। नई फोरलेन पर 2×7.5 मीटर कैरिज-वे, दोनों ओर 1.5 मीटर पक्का शोल्डर और 180 मीटर सेफ स्टॉपिंग डिस्टेंस जैसे मानक लागू होंगे। खास बात यह है कि देसूरी नाल में प्रस्तावित 9 किमी सिंगल-पिलर एलिवेटेड बनाया जाएगा ताकि पहाड़ कम कटे, नीचे से वन्यजीव सुरक्षित गुजरें और मानसून में जाम की नौबत न आए। देसूरी (1.193 किमी) और खारड़ा (0.664 किमी) में नया एलाइनमेंट आबादी से बाहर निकलेगा। सांसद पीपी चौधरी का कहना है कि जल्द ही डीपीआर को मंजूरी मिल जाएगी। 1. स्काई-वे क्या है और क्यों जरूरी है?
देसूरी-चारभुजा की नाल में 9 किमी सड़क जमीन पर नहीं होगी। कारण साफ है-घाट में तीखे मोड़, पहाड़ और वन्यजीव क्षेत्र है। स्काई-वे बनाने से पहाड़ भी कम कटेंगे। नीचे से पैंथर समेत वन्यजीव गुजर सकेंगे। वहीं, बरसात में पानी का बहाव नहीं रुकेगा, इसलिए भूस्खलन और जाम की आशंका घटेगी। 2. 100 किमी की स्पीड कैसे मिलेगी?
अभी औसत स्पीड 30-40 किमी/घंटा है। नई सड़क 100 किमी/घंटा डिजाइन पर बनेगी। चौड़े मोड़ (कम से कम 250 मीटर रेडियस), 180 मीटर तक सामने देखने की सुरक्षित दूरी और दोनों तरफ 1.5 मीटर पक्का शोल्डर बनाया जाएगा। इससे औसत स्पीड लगभग दोगुनी हो सकती है। 3. 9 बाइपास क्यों बनाए जा रहे हैं?
सोनाई मांझी, बूसी (1.16 किमी नया मार्ग), नाडोल (दो विकल्प), टेवाली, सोमेसर, देवली, खारड़ा, नारलाई और देसूरी। इन जगहों पर ट्रैफिक गांवों से बाहर निकलेगा। इससे बाजारों में भारी ट्रकों की भीड़ नहीं होगी। स्कूल-अस्पताल के पास सड़क सुरक्षित रहेगी। अभी रोज जाम के हालात बनते हैं। 4. यात्रा के समय में कितनी बचत?
अनुमान है कि जोधपुर-उदयपुर सफर करीब 3 घंटे 15 मिनट में संभव होगा। पणिहारी से गौमती तक लगभग 1 घंटे तक की कमी आ सकती है। गौमती से एनएच जुड़ जाएगा।


