देहात के 12 और शहर के 8 परीक्षा केंद्रों में चेकिंग, परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न

भास्कर न्यूज | अमृतसर मंगलवार से बोर्ड परीक्षाओं का आगाज हो गया। पहले दिन मंगलवार को जिले में 8वीं के 28,232 और 12वीं के 27,327 स्टूडेंट्स ने परीक्षा दी। पहले दिन नकल का कोई मामला नहीं आया। स्टूडेंट्स ने बताया कि पेपर अपेक्षाकृत आसान रहा और अधिकांश प्रश्न सिलेबस से पूछे गए थे। गणित के पेपर में भी स्टूडेंट्स ने राहत की सांस ली और कहा कि तैयारी के अनुसार प्रश्न आए। शिक्षा विभाग ने दावा किया है कि आगामी पेपर भी शांतिपूर्ण कराए जाएंगे। जिला शिक्षा दफ्तर में बनाए गए कंट्रोल रूम में दिनभर स्थिति पर नजर रखी गई। अधिकारियों के अनुसार पहले दिन नकल का एक भी मामला सामने नहीं आया। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और प्रवेश से पहले स्टूडेंट्स की जांच की गई। जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि फ्लाइंग टीमों के साथ देहात के 12 संवेदनशील और शहर के 8 परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्वक हुई। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सुपरिंटेंडेंट, डिप्टी सुपरिंटेंडेंट और संबंधित प्रिंसिपल को कंट्रोलर की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पारदर्शी रहे। पूरे जिले में कुल 424 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इनमें से 220 परीक्षा केंद्र और 204 सेल्फ सेंटर बनाए गए थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *