भास्कर न्यूज | जालंधर दोआबा कॉलेज के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने लंबे समय से लंबित सेवानिवृत्ति लाभों में से विशेष रूप से लीव एनकैशमेंट के भुगतान की मांग को लेकर शनिवार को एक विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने गुरु नानक देव विश्वविद्यालय और पंजाब सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार लाभ जल्द देने की मांग की। उन्होंने कहा कि एक दशक से कानूनी लड़ाई लड़ने को मजबूर हैं। मांगों पूरी करने में देरी के चलते वे मानसिक तनाव में हैं और संस्थान की साख पर भी प्रश्नचिन्ह लगा है। उन्होंने कॉलेज प्रबंधन से आग्रह किया कि वे सेवानिवृत्त कर्मचारियों की शिकायतों को तुरंत सुलझाएं। दोआबा कॉलेज के पूर्व छात्र और जिला भाजपा अध्यक्ष सुशील शर्मा ने शिक्षकों के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की। उन्होंने कॉलेज प्रबंधन से अपील की कि वे सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित बकायों, विशेष रूप से लीव एनकैशमेंट तुरंत जारी करें। उन्होंने कहा कि शिक्षकों ने हमारा भविष्य संवारा है और यह हमारा नैतिक कर्तव्य है कि हम उनके न्याय के लिए उनके साथ खड़े हों। सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल के प्रधानाचार्य और कॉलेज के पूर्व छात्र सुखदेव सिंह ने भी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इन शिक्षकों ने जिंदगी के 30 से अधिक वर्ष विद्यार्थियों को शिक्षित करने और इस संस्थान को एक प्रतिष्ठित स्तर पर पहुंचाने में समर्पित कर दिए। दोआबा कॉलेज सेवानिवृत्त शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. चंदर शेखर शर्मा ने संघर्ष के दौरान दिखाई एकजुटता को सराहा और सभी निष्पक्ष समाधान के लिए प्रयास जारी रखने का आग्रह किया। दोआबा कॉलेज सेवानिवृत्त शिक्षक संघ के पदाधिकारी और सदस्य।