दी गंगानगर ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पद के लिए वोटिंग रविवार को नई धानमंडी के ट्रेडर्स एसोसिएाशन भवन में हुई। यहां अध्यक्ष पद के लिए जगदीश बंसल ओर भूपेंद्र पाल आहूजा में मुकाबला है। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर शुभम अरोड़ा और सुशील कुमार सिंगल में टक्कर है। चुनाव को लेकर पिछले कई दिन से नई धानमंडी के व्यापारियों में उत्साह नजर आ रहा । आहूजा ओर बंसल के समर्थक अपने-अपने कैंडिडेट के लिए लगातार अधिकतम समर्थन जुटाने का प्रयास कर रहे थे। रविवार सुबह वोटिंग शुरू हाेने के साथ ही आहूजा और बंसल के समर्थक ट्रेडर्स एसोसिएशन के गेट पर जुट गए।इन लोगों ने वोटिंग के लिए आने वाले प्रत्येक व्यापारी से अपने कैंडिडेट के समर्थन में वोटिंग का आग्रह किया। ट्रेडर्स एसोसिएशन के चुनाव में शेष पदों पर पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। तेरह वार्डों में से दस में एक-एक नॉमिनेशन होने के कारण मनोज बंसल,आशीष सोनी, राकेश कुमार, हर्ष गुप्ता, विकास सिंगल, विजय कुमार, रामदेव मित्तल, विष्णु मित्तल, चंद्रप्रकाश व नरेश गर्ग को निर्विरोध निर्वाचित किया गया है। तीन वार्डों में किसी के नामांकन नहीं करने से इन वार्डों में अब नई कार्यकारिणी मनोनयन करेगी। चुनाव अधिकारी रामावतार महिपाल ने बताया कि दोपहर दो बजे तक करीब साढ़े छह सौ वोटर्स वोटिंग कर चुके हैं। यहां कुल 918 वोट है। चार बजे तक वोटिंग होगी। शाम करीब छह बजे परिणाम घोषित होने की संभावना है। दी गंगानगर ट्रेडर्स एसोसिएशन के चुनाव के दौरान विधायक जयदीप बिहाणी भी कुछसमय तक व्यापारियों के बीच मौजूद रहे।


